home page

भीषण गर्मी का असर : बंगाल सफारी में जानवरों को राहत देने के लिए खास इंतजाम

 | 
भीषण गर्मी का असर : बंगाल सफारी में जानवरों को राहत देने के लिए खास इंतजाम


सिलीगुड़ी, 01 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। इसका असर सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी के जानवरों पर भी साफ देखा जा रहा है।गर्मी से राहत दिलाने के लिए सफारी प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार, मांसाहारी जानवरों के आहार में बदलाव करते हुए बकरे के मांस की जगह अब चिकन दिया जा रहा है, जिससे पाचन पर कम दबाव पड़े। साथ ही सभी जानवरों के लिए ओआरएस मिश्रित पानी उपलब्ध कराया गया है, ताकि डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।

पक्षियों के लिए तरबूज, सेब, केला और पका पपीता जैसे रसदार फल दिए जा रहे है, जो उन्हें गर्मी से राहत देंगे। वहीं, नाइट शेल्टर के बाहर एयर कूलर लगाए गए है और जानवरों के लिए बर्फ मिले ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपने शरीर को ठंडा रख सकें।

सफारी के एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादा गर्मी में जानवरों में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पानी को ठंडा बनाए रखने के लिए समय-समय पर बर्फ डाली जा रही है।

खास बात यह है कि रॉयल बंगाल टाइगर जैसे ‘किका’, ‘रिका’ और ‘विभान’ भी इस ठंडे पानी में बैठकर राहत महसूस कर रहे है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक तापमान सामान्य नहीं हो जाता, तब तक ये सभी इंतजाम जारी रहेंगे। जरूरत पड़ने पर एयर कूलर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार