home page

स्कूल के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

 | 
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा


जलपाईगुड़ी, 13 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत साहुडांगी हाट पी. के. राय हाई स्कूल की ओर से गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।स्कूल की वर्दी में हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राएं यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान एक छात्रा भारत माता की वेशभूषा में भी नजर आई। तिरंगा लेकर निकली पदयात्रा साहुडांगी बाजार, आश्रम पाड़ा और नोवापाड़ा समेत आसपास के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में पूरा क्षेत्र उत्सवमय नजर आया।

स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रदीप चौधरी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यालय की ओर से इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस को सभी लोगों को साथ लेकर देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार