home page

चुनाव 26 : खड़गपुर-मेदिनीपुर में सायनी घोष ने तृणमूल उम्मीदवारों का किया समर्थन

 | 
चुनाव 26 : खड़गपुर-मेदिनीपुर में सायनी घोष ने तृणमूल उम्मीदवारों का किया समर्थन


चुनाव 26 : खड़गपुर-मेदिनीपुर में सायनी घोष ने तृणमूल उम्मीदवारों का किया समर्थन


पश्चिम मेदिनीपुर, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले में विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। खड़गपुर और मेदिनीपुर में आयोजित चुनावी सभाओं में राज्य युवा तृणमूल कांग्रेस की सभानेत्री सायनी घोष ने पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन किया।

खड़गपुर के खरीदा रोड पर आयोजित जनसभा में सायनी घोष ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप सरकार के समर्थन में जनता को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में हुए विकास को बनाए रखने के लिए तृणमूल कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना आवश्यक है।

सायनी घोष ने लोगों से तृणमूल कांग्रेस के प्रतीक “जोड़ा फूल” पर वोट देने की अपील की। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए खड़गपुर में ही रहने वाले नेताओं की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि बुनियादी काम के लिए आपको कलकत्ता में जॉगिंग करते हुए नेता चाहिए या खड़गपुर का अपना नेता?

साथ ही उन्होंने भाजपा को समस्या बताते हुए, दीदी को समाधान बताया। सभा में उपस्थित कार्यकर्ता और समर्थक सक्रिय होकर प्रचार में भाग लेते नजर आए।

इसी तरह सोमवार रात मेदिनीपुर सदर में प्राकृतिक आपदा की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तृणमूल प्रत्याशी सुजॉय हाजरा की चुनावी जनसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर सायनी घोष ने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ता विपत्ति के समय भी जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे विकास की इस श्रृंखला को हर घर तक पहुंचाने में योगदान दें और आगामी चुनाव में पार्टी के प्रतीक “जोड़ा फूल” पर वोट दें। साथ ही उन्होंने भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति पर सवाल उठाते हुए सबको साथ लेकर चलने वाले दल को समर्थन देने की अपील की।

सूत्रों के अनुसार, आठ अप्रैल (बुधवार) को वह नारायणगढ़ बाजार में तृणमूल उम्मीदवार प्रतिभा रानी मायती के समर्थन में एक भव्य सभा का आयोजन किया गया है। इस सभा में सायनी घोष सहित पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता