home page

बदहाल सड़क की मरम्मत की मांग पर साउताचक में सड़क जाम

 | 

पूर्व मेदिनीपुर, 24 नवंबर (हि. स.)। जिले में बदहाल सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर एक बार फिर तमलुक-मयना राज्य सड़क पर विरोध प्रदर्शन हुआ। निमतौड़ी से बहिचबेड़िया तक सड़क की जर्जर स्थिति के विरोध में साउताचक इलाके के स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सोमवार को सड़क जाम किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई समाधान नहीं मिलने पर मंगलवार को भी स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। इस दौरान महिलाओं और अन्य स्थानीय निवासियों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अनोखे तरीके से विरोध जताया।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से इस सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। कुछ समय पहले सड़क के एक हिस्से की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन वर्तमान में फिर से सड़क जर्जर हो गई है। सड़क के विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। कभी यात्रियों से भरा टोटो पलट जाता है, तो कभी ईंटों से लदा मशीन वैन दुर्घटना का शिकार हो जाता है। एक ही स्थान पर बार-बार दुर्घटनाएं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

लंबे समय से जारी इस परेशानी से मुक्ति और सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को साउताचक इलाके में स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान इलाके की महिलाएं भी आंदोलन में शामिल हुईं।

सड़क जाम के कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम हटा लिया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार आंदोलन और सड़क जाम करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराने और आम लोगों की परेशानी दूर करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता