वायरल हुए व्हाट्सऐप कॉल ऑडियो को लेकर भाजपा विधायक संतु पान का वायरल ऑडियो
हुगली, 04 नवंबर (हि. स.)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित व्हाट्सऐप कॉल ऑडियो को लेकर तारकेश्वर के भाजपा विधायक संतु पान विवादों में घिर गए हैं। वायरल ऑडियो में विधायक की अपने ही पार्टी के दो कार्यकर्ताओं से बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इसमें उन्हें कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और यह कहते सुना जा सकता है कि, “विधायक बनने से पहले मैं गुंडा था।”
ऑडियो में भाजपा के आरामबाग सांगठनिक जिले के संयोजक के बारे में भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां सुनाई दे रही हैं। साथ ही, एक भाजपा कार्यकर्ता को धमकी देने और उसकी पिटाई कराने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, भंडारहाटी के एक युवा भाजपा कार्यकर्ता ने विधायक के करीबी बताए जा रहे एक अन्य पार्टी कार्यकर्ता के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि इसी मामले को लेकर विधायक संतु पान नाराज थे और उनकी संबंधित कार्यकर्ता से तीखी बातचीत हुई थी।
विवाद पर सफाई देते हुए बुधवार को विधायक संतु पान ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोग भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकर्ताओं की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जिससे मेरी बातचीत हुई, वह तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा है और अब भाजपा में आने की कोशिश कर रहा है। वह भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रहा है।” वायरल ऑडियो पर उन्होंने कहा कि व्हाट्सऐप कॉल एक आंतरिक बातचीत थी और इसे सार्वजनिक करना संबंधित व्यक्ति की मानसिकता को दर्शाता है।
दूसरी ओर, वायरल ऑडियो में बातचीत करने वाले बताए जा रहे युवक ने दावा किया कि वह भाजपा का कार्यकर्ता है। उसने कहा कि उनके बीच कोई विवाद नहीं होना चाहिए था। यदि कोई समस्या हुई भी है तो वह पार्टी का आंतरिक मामला है। उसने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि ऑडियो किसने और क्यों वायरल किया। उसने दावा किया कि उसने किसी को भी यह ऑडियो वायरल करने के लिए न तो भेजा था और न ही इसकी अनुमति दी थी।
फिलहाल कथित ऑडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

