आधी रात बीमार कार्यकर्ता के लिए अस्पताल पहुंचे विधायक संतु पाल
तारकेश्वर, 09 मई (हि. स.)। मध्यरात्रि में भी कर्तव्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए तारकेश्वर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक संतु पाल ने एक बार फिर लोगों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। देर रात बीमार पड़े एक पार्टी कार्यकर्ता की सहायता कर उन्होंने मानवीयता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात तारकेश्वर क्षेत्र के एक भाजपा कार्यकर्ता की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत तारकेश्वर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मरीज को कोलकाता रेफर करने की सलाह दी।
इस घटना की सूचना जैसे ही विधायक संतु पाल को मिली, वे स्वयं कोलकाता के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और बीमार कार्यकर्ता को भर्ती कराने की व्यवस्था कराई। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से भी मरीज की स्थिति को लेकर बातचीत की।
विधायक की इस मानवीय पहल से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोग भी काफी प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव में जीत हासिल करने के बाद भी संतु पाल लगातार आम जनता के साथ खड़े होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
इस संबंध में भाजपा कार्यकर्ता अभिजित ने कहा कि मध्यरात्रि में खबर मिलने के बावजूद विधायक स्वयं अस्पताल पहुंच गए। इसके लिए हम उनके बहुत आभारी हैं। वे सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि लोगों के अपने व्यक्ति की तरह काम करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

