चार दशक बाद कांग्रेस नेता संतोष पाठक भाजपा में शामिल
कोलकाता, 23 मार्च (हि. स.)। कोलकाता की राजनीति के परिचित चेहरे और चार दशक तक कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेता संतोष पाठक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को साल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने केंद्रीय और राज्य नेतृत्व की उपस्थिति में भाजपा का झंडा ग्रहण किया। वह कोलकाता नगर निगम के 22 नंबर वार्ड से चार बार पार्षद रह चुके हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बिप्लब देव, भाजपा के केंद्रीय नेता अमित मालवीय तथा प्रदेश महासचिव लॉकेट चटर्जी मौजूद रहीं।
प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने संतोष पाठक का स्वागत करते हुए कहा कि चार दशक तक नीति और सिद्धांतों की राजनीति करने वाले पाठक ने राज्य में व्याप्त अराजक स्थिति के बीच बदलाव के लिए भाजपा का साथ चुना है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया के बंगाली तृणमूल नामक “वायरस” से मुक्ति चाहते हैं और भाजपा ही बंगाल में एकमात्र विकल्प के रूप में उभर रही है।
वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद संतोष पाठक ने कहा कि यह अच्छा समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री की विदाई तय है। मैं ब्राह्मण हूं—हम शादी भी करवाते हैं और श्राद्ध भी। इस बार मुख्यमंत्री की विदाई निश्चित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी अब तक चुनाव में धांधली कर जीतते आए हैं, लेकिन अब मोदी जी और बंगाल में शमिक भट्टाचार्य के नेतृत्व में ऐसा संभव नहीं हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

