home page

भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

 | 
भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित


कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। संस्कार भारती पश्चिम बंगाल और पूर्वांचल संस्कृति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार शाम पूर्वांचल संस्कृति केंद्र के सभागार में भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अखंड वंदे मातरम्, दीप मंत्र और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वांचल संस्कृति केंद्र के निदेशक आशीष गिरी तथा संस्कार भारती पश्चिम बंगाल के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष भट्टाचार्य ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में साहा परमाणु भौतिकी संस्थान के वैज्ञानिक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक जिष्णु बसु उपस्थित रहे। वहीं संस्कार भारती की केंद्रीय महामंत्री नीलांजना राय भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

मुख्य अतिथि और अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान संस्कार भारती के सदस्य शीर्ष आचार्य ने अपनी तूलिका से मंच पर ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सजीव चित्र बनाया। इस चित्र को संरक्षण के उद्देश्य से पूर्वांचल संस्कृति केंद्र के निदेशक आशीष गिरी को भेंट किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का समापन संस्कार भारती पश्चिम बंगाल के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष भट्टाचार्य के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक सत्र में संस्कार भारती की ओर से उत्तर कोलकाता, दक्षिण कोलकाता और हावड़ा नगर इकाइयों के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर