नजात में पुलिस और केंद्रीय बल पर फायरिंग, ओसी समेत कई घायल
उत्तर 24 परगना, 06 मई (हि. स.)। नजात थाना जिलान्तर्गत संदेशखाली के बिटपोल इलाके से चुनाव के बाद हिंसा की एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात दो गुटों के बीच तनाव और हमले की सूचना पर हालात काबू में करने पहुंची पुलिस और केंद्रीय बल की टीम पर ही बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में नजात थाना प्रभारी (ओसी) भरत प्रसून पुरकायत समेत कई पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के जवान घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, घटना में ओसी भरत प्रसून पुरकायत को कंधे और हाथ के पास गोली लगी है। महिला कॉन्स्टेबल मोनिका के सिर में गोली लगने की खबर है, जबकि राजबाड़ी आउटपोस्ट के सब-इंस्पेक्टर भास्वत गोस्वामी के पैर में गोली लगी है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के दो जवानों के सीने में भी गोली लगने की सूचना मिली है। सभी घायलों को कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और फिलहाल हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजबाड़ी आउटपोस्ट के अंतर्गत छोटे बिटपोल इलाके में तृणमूल नेता मशरफ मोल्ला के घर पर कुछ दुष्कर्मियों ने हमला और तोड़फोड़ की। इस घटना की सूचना पाकर नजात थाने की बड़ी पुलिस टीम और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। घटना के बाद बुधवार सुबह केंद्रीय बल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया।
इस बारे में बसीरहाट पुलिस जिला की एसपी अलकानंदा भवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। रात में ही त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी नई हिंसा को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी डर का माहौल है। बिटपोल इलाके की निवासी सुमित्रा सरकार ने बताया कि रात में जिस तरह से गोलीबारी और हमले हुए, उससे लोग सहम गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

