संजय कुजूर ने बुलुचिक बराइक से किया शिष्टाचार मुलाकात
जलपाईगुड़ी, 20 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही माहौल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार सुबह नागराकाटा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार संजय कुजूर ने मालबाजार सीट की उम्मीदवार और राज्य मंत्री बुलुचिक बराइक से उनके रंगामाटी चाय बागान स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई और समर्थकों के साथ एक छोटी बैठक भी आयोजित की गई। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि नागराकाटा के पूर्व विधायक और वर्तमान भाजपा उम्मीदवार शुक्रा मुंडा के खिलाफ रणनीति को लेकर बातचीत हुई होगी, क्योंकि संजय कुजूर और शुक्रा मुंडा के बीच पहले करीबी संबंध रहे है।
संजय कुजूर ने इसे महज शिष्टाचार भेंट बताते हुए कहा कि डुआर्स की एकमात्र मंत्री होने के नाते उन्होंने बुलुचिक बराइक से आशीर्वाद और चुनाव प्रचार में सहयोग का अनुरोध किया है। वहीं, बुलुचिक बराइक ने भी संजय कुजूर को एक योग्य उम्मीदवार बताते हुए उनकी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

