संदेशखाली में भारी मात्रा में हथियार बरामद, छह गिरफ्तार
कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार सुबह कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए। इस कार्रवाई में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सरबेरिया, आकुंजीपाड़ा, बसंती और कुमड़ेखाली सहित कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एसटीएफ के साथ बशीरहाट जिला पुलिस और बारासात पुलिस जिला की टीम भी शामिल थी। अभियान के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई थी।
पुलिस ने सरबेरिया बाजार के पास स्थित कई ठिकानों से अब तक 17 से अधिक आग्नेयास्त्र और 35 राउंड गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा, एक स्थान से पुकुर (तालाब) में छिपाकर रखे गए कई हथियार भी बरामद किए गए, जिन्हें चादर में लपेटकर बाहर निकाला गया।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित कथित तौर पर इलाके के प्रभावशाली नेता शेख शाहजहां के करीबी बताए जा रहे हैं। साथ ही, मणिपुर ग्राम पंचायत के प्रमुख और तृणमूल कांग्रेस नेता प्रसनजीत गांगुली के आवास पर भी तलाशी ली गई।
इसी दौरान तृणमूल नेता रबिन दास और उनके भाई गोपाल दास के घर पर भी छापेमारी की गई, जिसके बाद उनके ठिकाने से कई हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों फिलहाल फरार हैं।
एसटीएफ के अनुसार, अभियान के दौरान क्षेत्र में अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कई सुराग मिले हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है।
इसी बीच, इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस अभियान की सराहना की। वहीं, राज्य प्रशासन ने इसे एक बड़ी सफलता बताते हुए पुलिस बल को बधाई दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

