संदेशखाली में शेख शाहजहां की पत्नी पर जमीन का लीज भुगतान हड़पने का आरोप
कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)।
संदेशखाली में एक बार फिर शेख शाहजहां के परिवार के खिलाफ जमीन से जुड़ा आरोप सामने आया है। इस बार जमीन के लीज की रकम हड़पने का आरोप शेख शाहजहां की पत्नी शेख सबिना पर लगा है। बसीरहाट के नाजाट थाना अंतर्गत आगारहाटी ग्राम पंचायत के सरबेरिया इलाके के आदिवासी निवासी शिबू सरदार ने आरोप लगाया है कि उनकी करीब साढ़े आठ बीघा जमीन लीज पर लेने के नाम पर लंबे समय से भुगतान बकाया रखा गया है। बकाया रकम मांगने के लिए बार-बार शेख सबिना के पास जाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल रहा है।
शिबू सरदार का आरोप है कि पांच साल के लिए जमीन लीज पर लेने की बात कहकर समझौता किया गया था, लेकिन उनसे 20 साल के लीज के एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करा लिए गए। जमीन के लीज के एवज में उन्हें एक बार केवल 5290 रुपये दिए गए। इसके बाद उन्हें कोई रकम नहीं मिली। शेख शाहजहां के जेल जाने के बाद बकाया लीज की रकम मिलने की उम्मीद में शिबू सरदार कई बार उनकी पत्नी शेख सबिना के पास गए। शुरुआत में रकम देने का आश्वासन मिला, लेकिन बाद में विभिन्न बहाने बनाकर उन्हें लगातार टालने का आरोप लगाया गया है।
शिबू सरदार ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन के लीज की बकाया रकम वापस पाने के लिए उन्होंने पहले भी सीबीआई के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि फिलहाल उनकी जमीन पर जबरन मछली पालन किया जा रहा है। लीज की रकम नहीं मिलने के कारण वह आर्थिक संकट में हैं। इसी बीच उनकी पत्नी गंभीर कैंसर से पीड़ित हैं और इलाज के लिए बड़ी रकम की जरूरत है। ऐसी परिस्थिति में बकाया रकम नहीं मिलने से परिवार मुश्किलों का सामना कर रहा है।
शिबू सरदार का दावा है कि जमीन के लीज के एवज में फिलहाल करीब पांच लाख रुपये बकाया हैं। इस रकम की वसूली के लिए उन्होंने अब राज्य के विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी से भी मदद की गुहार लगाई है। जमीन की बकाया लीज राशि वापस पाने के लिए वह प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। संदेशखाली की भाजपा नेत्री माम्पी दास के माध्यम से यह मामला सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

