home page

स्टाफ की भारी कमी से जूझ रही समसी बीनापानी टाउन लाइब्रेरी

 | 
स्टाफ की भारी कमी से जूझ रही समसी बीनापानी टाउन लाइब्रेरी


मालदा, 04 जून (हि. स.)। जिले के समसी स्थित ऐतिहासिक बीनापानी टाउन लाइब्रेरी में कर्मचारियों की भारी कमी के कारण संचालन संकट में पड़ गया है। 1968 में स्थापित यह पुस्तकालय फिलहाल सिर्फ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के भरोसे चल रहा है, जिससे स्थानीय पाठकों और पुस्तक प्रेमियों में चिंता बढ़ गई है।

लाइब्रेरी में करीब 12 हजार दुर्लभ और महत्वपूर्ण किताबें मौजूद हैं और लगभग एक हजार पंजीकृत पाठक हैं। रोजाना 25-30 लोग यहां पढ़ने आते हैं, लेकिन लाइब्रेरियन, सहायक लाइब्रेरियन और बुक बाइंडर जैसे जरूरी पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। वर्ष 2017 में आखिरी लाइब्रेरियन के रिटायर होने के बाद से अब तक नई नियुक्ति नहीं हुई है।

लाइब्रेरी के एकमात्र कर्मचारी मतिउर रहमान ने बताया कि सुंदर भवन और बड़े रीडिंग रूम के बावजूद स्टाफ की कमी के चलते रखरखाव और प्रशासनिक काम संभालना मुश्किल हो रहा है।

स्थानीय शिक्षक सरोज कुमार साहा और अन्य पाठकों का कहना है कि यह ज्ञान का केंद्र अब उपेक्षा का शिकार हो गया है। डिजिटल युग में भी नई पीढ़ी को किताबों की ओर आकर्षित करने में लाइब्रेरी की अहम भूमिका है, लेकिन कर्मचारियों की कमी इस उद्देश्य में बाधा बन रही है। लाइब्रेरी को सुचारू रूप से चलाने के लिए जल्द सरकारी कदम उठाने की मांग की है।

हालांकि इस समस्या को जिला लाइब्रेरियन के संज्ञान में लाया गया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। अब स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी को बचाने और खाली पदों को जल्द भरने की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार