home page

यूनियन के नाम पर वसूली के आरोपों के बीच भाजपा का बड़ा ऐलान, कहा- पार्टी का कोई श्रमिक संगठन नहीं

 | 
यूनियन के नाम पर वसूली के आरोपों के बीच भाजपा का बड़ा ऐलान, कहा- पार्टी का कोई श्रमिक संगठन नहीं


कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। श्रमिक संगठन के नाम पर कथित तौर पर वसूली और उगाही की शिकायतों के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा ने बड़ा कदम उठाते हुए स्पष्ट किया है कि पार्टी का अपना कोई श्रमिक संगठन या ट्रेड यूनियन नहीं है। भाजपा की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था में केवल ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल अथवा श्रमिक प्रकोष्ठ है। यह सेल किसी भी नए श्रमिक संगठन या ट्रेड यूनियन के गठन की अनुमति नहीं देगा। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं, सदस्यों और नेताओं को ऐसे कथित संगठनों से दूर रहने की चेतावनी भी दी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के निर्देश पर पार्टी के महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी शशि अग्निहोत्री ने लिखित बयान जारी कर यह घोषणा की। बयान में स्पष्ट किया गया कि भाजपा की संगठनात्मक नीति के अनुसार पार्टी के नाम पर अलग से श्रमिक संगठन खड़ा करना पूरी तरह अनुचित और अवैध है।

पार्टी ने कहा कि ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल के अंतर्गत विभिन्न श्रमिक प्रकोष्ठ किस प्रकार काम करेंगे, इसकी रूपरेखा बाद में तय की जाएगी।

दरअसल, 31 अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भाजपा के एक श्रमिक संगठन ने अपनी गतिविधियां शुरू की थीं। इसका नाम 'एनएससीबीआई एयरपोर्ट कॉन्ट्रैक्टर्स वर्कर्स मोर्चा' रखा गया था। संगठन का उद्घाटन भाजपा के पश्चिम बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने किया था। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उस समय संगठन का उद्देश्य हवाई अड्डे पर कार्यरत ठेका श्रमिकों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं, मांगों और अधिकारों को संगठनात्मक स्तर पर उठाना बताया गया था। नेताओं ने श्रमिक संगठन को पारदर्शिता के साथ संचालित करने की बात भी कही थी।

हालांकि, संगठन की शुरुआत के एक महीने के भीतर ही विवाद खड़ा हो गया। आरोप लगने लगे कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए श्रमिक संगठन के नाम पर पर्चे छपवाकर विभिन्न लोगों से कथित तौर पर वसूली की जा रही है। इन शिकायतों के बाद भाजपा ने अब आधिकारिक बयान जारी कर पार्टी के नाम पर चलाए जा रहे ऐसे संगठनों से अपना पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कार्यकर्ता, नेता या सदस्य इस तरह के संगठन से जुड़कर पार्टी की छवि को नुकसान न पहुंचाए।

भाजपा ने फिलहाल केवल इतना स्पष्ट किया है कि पार्टी का कोई आधिकारिक श्रमिक संगठन नहीं है और ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल के माध्यम से ही श्रमिकों से संबंधित गतिविधियों की व्यवस्था तय की जाएगी। लेकिन हाल ही में शुरू हुए श्रमिक मोर्चे के अस्तित्व और उससे जुड़े लोगों के भविष्य को लेकर पार्टी के बयान में स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा