मतगणना से पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया जीत का भरोसा, कार्यकर्ताओं को दी संयमित रहने की नसीहत
कोलकाता, 03 मई (हि. स.)। भाजपा के प्रदेश शमिक भट्टाचार्य ने पार्टी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि जीत को लेकर किसी तरह का कोई संशय नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि वे मतगणना के दौरान किसी भी स्थिति में हिंसा या अशांति में शामिल न हों। रविवार को सॉल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वे पश्चिम बंगाल की चुनावी संस्कृति में बदलाव चाहते हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि पहले चुनावों के बाद हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जीत के बाद भी संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहें।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर विरोधी राजनीतिक पार्टी माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को नुकसान उठाना पड़ा था।
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि इस बार का चुनाव कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा है, जो लोकतंत्र की जीत और जनता की राजनीतिक जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा की जीत तय है, लेकिन जीत के बाद किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहना जरूरी है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जबकि फलता सीट पर पुनर्मतदान के कारण वहां की गिनती बाद में की जाएगी। वहीं, चुनाव आयोग द्वारा कई अधिकारियों को हटाने के फैसले पर भी विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पर आपत्ति जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार से बिना चर्चा किए अधिकारियों को हटाया गया, जो पहले की परंपरा के खिलाफ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

