साल्टलेक में डिवाइडर से टकराई कार, चार घायल
कोलकाता, 16 अप्रैल (हि.स.)। सॉल्टलेक के सेक्टर-पांच इलाके में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर पर लगा एक लाइट पोस्ट भी उखड़कर गिर गया। इस हादसे में कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग पांच बजे सूचना प्रौद्योगिकी नगर सेक्टर-पांच से न्यू टाउन की ओर जा रही एक काले रंग की कार तेज रफ्तार के कारण अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के समय कार में तीन पुरुष और एक महिला सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को छोड़ दिया, जबकि चालक के बगल में बैठे एक यात्री सहित दो लोग अभी भी उपचाराधीन हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार चालक घटना के समय नशे की हालत में था या नहीं। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

