वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रूपनारायणपुर में मेगा रक्तदान शिविर
पश्चिम बर्दवान, 22 जुलाई (हि. स.)। सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) सालानपुर थाना ने सामाजिक संस्था ‘उज्जीवन’ के सहयोग से रूपनारायणपुर के ऐतिहासिक ‘नंदनिक’ हॉल में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर आयोजित इस शिविर का मुख्य विषय “यूनिटी इन वेन्स” (शिराओं में एकता) रखा गया। शिविर का संचालन आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय टीम और कर्मचारियों के सहयोग से किया गया। शिविर का उद्घाटन कुल्टी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जावेद हुसैन ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाना और फांड़ियां सामाजिक कार्यों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास तथा आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करते हैं।
सालानपुर थाना के प्रभारी (आईसी) विश्वजीत मंडल ने बताया कि बरसात के मौसम की विभिन्न चुनौतियों के बावजूद लोगों की सेवा के उद्देश्य से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक लक्ष्य 75 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का था, लेकिन आम नागरिकों और पुलिस परिवार के सदस्यों सहित रक्तदाताओं के उत्साह को देखते हुए यह लक्ष्य काफी पीछे छूटने की उम्मीद है। शिविर में रक्तदाताओं का बैज पहनाकर सम्मान रूपनारायणपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सुमंगल सरकार तथा कल्याणेश्वरी पुलिस चौकी के प्रभारी पार्थ सरकार ने किया।
पूरे कार्यक्रम स्थल पर सामाजिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ‘उज्जीवन’ के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर के चिकित्सकों और कर्मचारियों को उनकी निरंतर सेवाओं के लिए पुष्पगुच्छ देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
स्थानीय लोगों, पुलिस परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की सहभागिता से रूपनारायणपुर का यह रक्तदान शिविर सामाजिक एकता, मानव सेवा और पुलिस-जन सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

