home page

सालानपुर में गैर सरकारी स्टील कारखाने के खिलाफ श्रमिकों का प्रदर्शन

 | 

आसनसोल , 22 मई (हि.स.)।

बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के सालानपुर ब्लॉक के देदुआ कल्याणेश्वरी इलाके में स्थित एक निजी स्टील कारखाने के श्रमिकों ने शुक्रवार को कारखाना प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाते हुए काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने मुख्य गेट से कुछ दूरी पर सड़क पर उतरकर अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि उन्हें उचित वेतन नहीं दिया जा रहा है और जितना वेतन मिलना चाहिए उससे कम भुगतान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि 8 घंटे के बजाय 12 घंटे तक काम कराया जाता है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें असुरक्षित माहौल में काम करना पड़ता है।

श्रमिकों के अनुसार, जब भी वेतन वृद्धि या 8 घंटे की ड्यूटी को लेकर प्रबंधन से बातचीत की जाती है, तो उन्हें साफ तौर पर कह दिया जाता है कि यदि इस शर्त पर काम करना है तो करें, अन्यथा नौकरी छोड़ दें। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इन मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, उस समय प्रबंधन ने उनकी समस्याओं पर विचार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इसी कारण एक बार फिर श्रमिकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। श्रमिकों ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी, जो अब विधायक बन चुके हैं, ने मजदूरों के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया था। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि उनके इस आंदोलन में क्षेत्रीय विधायक का समर्थन मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा