home page

रूपनारायणपुर में टोटो सर्विस दुकान में बैटरी ब्लास्ट, भीषण आग से मची अफरा-तफरी

 | 
रूपनारायणपुर में टोटो सर्विस दुकान में बैटरी ब्लास्ट, भीषण आग से मची अफरा-तफरी


पश्चिम बर्दवान, 27 अगस्त (हि.स.)।

सालानपुर के रूपनारायणपुर इलाके में गुरुवार दोपहर टोटो सर्विस दुकान में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आमडांगा मोड़ स्थित सामडी रोड पर मां ऑटोमोबाइल नाम की टोटो सर्विस दुकान में हुए इस हादसे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे दुकान में रखी एक टोटो बैटरी में अचानक जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद दुकान में आग फैल गई और वहां रखी अन्य बैटरियां भी धमाके के साथ फटने लगीं। लगातार हो रहे धमाकों से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

हादसे के दौरान दुकान के मालिक सुभाष पाल गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके और आग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें दुकान से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कराया गया। आग की भयावहता को देखते हुए चित्तरंजन और आसनसोल से दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दुकान में मौजूद बैटरियों के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही।

प्रारंभिक जांच में बैटरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान में कितनी बैटरियां रखी थीं और वहां अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम मौजूद थे या नहीं।

रूपनारायणपुर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद टोटो की बैटरियों की सुरक्षा और सर्विस दुकानों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा