home page

स्मार्ट मीटर रद्द करने की मांग को लेकर रूपनारायणपुर बिजली कार्यालय में माकपा का प्रदर्शन

 | 
स्मार्ट मीटर रद्द करने की मांग को लेकर रूपनारायणपुर बिजली कार्यालय में माकपा का प्रदर्शन


पश्चिम बर्दवान, 13 जुलाई (हि. स.)। राज्यभर में स्मार्ट मीटर लगाने की सरकारी योजना के विरोध में सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की सलानपुर एरिया कमेटी ने रूपनारायणपुर स्थित पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) के चीफ कमर्शियल इंजीनियर (सीसीसी) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और स्टेशन सुपरिटेंडेंट (एसएस) को नौ सूत्री मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना को आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य सरकार वर्ष 2003 के विद्युत अधिनियम की भावना की अनदेखी करते हुए पूरे राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना लागू कर रही है। माकपा ने इस नीति को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि इससे आम उपभोक्ताओं, विशेषकर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग और मेहनतकश लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। पार्टी ने कहा कि जनता की समस्याओं और मांगों को ध्यान में रखते हुए यह ज्ञापन सौंपा गया है तथा सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।

ज्ञापन में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 47(2) का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगवाना पूरी तरह उपभोक्ता की इच्छा पर निर्भर होना चाहिए। किसी भी उपभोक्ता की सहमति के बिना उसके घर या प्रतिष्ठान में स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाए।

माकपा ने यह भी मांग की कि पोस्टपेड मोड में भी स्मार्ट मीटर अनिवार्य नहीं किया जाए। केवल व्हाट्सएप या ई-मेल के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था समाप्त की जाए और उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह कागजी बिल उपलब्ध कराया जाए। स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर किसी प्रकार का नया मीटर शुल्क, मीटर किराया अथवा सर्विस चार्ज नहीं लिया जाए तथा जिन उपभोक्ताओं के पुराने मीटर ठीक ढंग से काम कर रहे हैं, उन्हें वही मीटर उपयोग करने की अनुमति दी जाए।

ज्ञापन में कहा गया कि बिजली कोई व्यावसायिक वस्तु नहीं, बल्कि एक आवश्यक जनसेवा है। इसलिए बिजली उत्पादन, संचरण और वितरण में किसी भी प्रकार का निजीकरण, फ्रेंचाइजी व्यवस्था अथवा कॉरपोरेट नियंत्रण लागू नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी ने बिजली की दरों में कमी करने तथा प्रत्येक महीने आम उपभोक्ताओं को निश्चित मात्रा में मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग की। माकपा ने अपने ज्ञापन में पश्चिम बर्धमान के सलानपुर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पार्टी ने मांग की कि सलानपुर ब्लॉक में बिजली रखरखाव व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा रात के समय बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए रात्रि सेवा शुरू की जाए।

ज्ञापन पर माकपा नेताओं देबाशीष डे, मनोज दत्त, प्रदीप दत्त, सुभ्रत चटर्जी तथा तपसी चौधरी के हस्ताक्षर हैं।

ज्ञापन स्वीकार करते हुए सीसीसी कार्यालय ने इसकी प्राप्ति दर्ज की।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि राज्य सरकार और विद्युत वितरण कंपनी उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती है तो आम जनता को साथ लेकर बड़े पैमाने पर आंदोलन चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा