home page

सालानपुर में सीसीटीवी में कैद हुई दिनदहाड़े गाय चोरी की वारदात

 | 
सालानपुर में सीसीटीवी में कैद हुई दिनदहाड़े गाय चोरी की वारदात


पश्चिम बर्दवान, 11 सितंबर (हि.स.)।

सालानपुर इलाके में एक बार फिर मवेशी चोरी की घटना सामने आई है। इस बार चोरों ने देर रात नहीं, बल्कि दिनदहाड़े चार पहिया वाहन से पहुंचकर घर के सामने से एक गाय चोरी कर ली और फरार हो गए। घटना सालानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर फांड़ी अंतर्गत पिठाक्यारी इलाके की बताई जा रही है। चोरी की पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिठाक्यारी इलाके में एक घर के सामने कुछ मवेशी बैठे हुए थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन वहां आकर रुका। वाहन से कुछ लोग नीचे उतरे और घर के सामने मौजूद एक गाय को पकड़ लिया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा रहा है कि कुछ लोगों ने गाय को जबरन वाहन में डाल दिया।

गाय को वाहन में डालने के बाद चालक ने तुरंत गाड़ी स्टार्ट की और कुछ ही पलों में सभी लोग वहां से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को संभलने या हस्तक्षेप करने का मौका तक नहीं मिला।

दिनदहाड़े घर के सामने से इस तरह मवेशी चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मवेशियों की सुरक्षा के साथ क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा