सालानपुर ब्लॉक में रेत संकट से राहत की उम्मीद, टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय लोगों ने ली चैन की सांस
पश्चिम बर्दवान, 21 जुलाई (हि. स.)। लंबे समय से चल रही रेत की कमी से जूझ रहे सालानपुर ब्लॉक के लिए राहत की खबर है। जिले में आज जब्त की गई रेत की बिक्री के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई। प्रशासन ने सालानपुर ब्लॉक के नामोकेशिया और जीतपुर में जब्त कर रखी गई लगभग एक लाख 66 हजार सीएफटी रेत को टेंडर के माध्यम से आम लोगों के लिए उपलब्ध कराने की पहल की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार इस टेंडर प्रक्रिया में सात कंपनियों ने हिस्सा लिया है, जिनमें कोलकाता की कंपनियां भी शामिल हैं। प्रशासन ने इस रेत के लिए न्यूनतम बोली दो हजार 250 रुपये प्रति सीएफटी निर्धारित की है। हालांकि संबंधित लोगों का मानना है कि प्रतिस्पर्धी बोली के कारण अंतिम कीमत करीब चार हजार रुपये प्रति सीएफटी तक पहुंच सकती है।
हालांकि कीमत पहले की तुलना में अधिक रहने की संभावना है, फिर भी दुर्गा पूजा से पहले इस पहल से इलाके में रेत की कमी काफी हद तक दूर होने और निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

