home page

सालानपुर के अचरा में तृणमूल एवं भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल

 | 
सालानपुर के अचरा में तृणमूल एवं भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल


पश्चिम बर्दवान, 10 जुलाई (हि. स.)। सालानपुर ब्लॉक के अचरा इलाके में शुक्रवार देर रात तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना में तृणमूल कांग्रेस के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं भाजपा का दावा है कि उसके करीब 10 कार्यकर्ताओं के सिर में चोटें आई हैं। कुछ घायलों का प्राथमिक उपचार पिठाकेरी अस्पताल में किया गया, जबकि कई अन्य को बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंचायत कार्यालय के पास एक घर के सामने खड़ी दो पिकअप वैन से देर रात सामान उतारा जा रहा था। इसे देखकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

भाजपा का आरोप है कि सवाल पूछने पर पल्लव तिवारी और रोनी तिवारी ने कथित तौर पर बंदूक और नकल-डस्टर जैसे हथियारों से हमला कर दिया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा समर्थित सैकड़ों लोगों ने हमला किया, जिसमें पल्लव तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने एक मोटरसाइकिल में आग लगाने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पाकर रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद हालात पर काबू पाया।

तृणमूल नेता पल्लव तिवारी ने भाजपा नेता चिन्मय तिवारी पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया। हालांकि, चिन्मय तिवारी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनका हिंसा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं हिंसा में विश्वास नहीं करता। सभी से अपील करता हूं कि कानून को अपने हाथ में न लें।

वहीं, पल्लव तिवारी के बड़े भाई संजय सुकुल ने बताया कि उनके निजी स्कूल के लिए किताबें और नोटबुक पिकअप वैन से उतारी जा रही थीं। उनका आरोप है कि तभी 10 से 15 लोगों का एक समूह लाठी और लोहे की छड़ों के साथ पहुंचा, हमला किया और वाहन में आग लगाने की कोशिश की। इस हमले में पल्लव तिवारी और रोनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुंडुंडी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग शांति चाहते हैं और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा