home page

तीन महीने के बकाया वेतन को लेकर सालानपुर में अंजनी रेल कारखाने के बाहर श्रमिकों का प्रदर्शन

 | 

पश्चिम बर्दवान, 23 सितंबर (हि. स.)। तीन महीने के बकाया वेतन के भुगतान, नियमित वेतन, पीएफ-ईएसआई की सुविधा और दुर्गापूजा से पहले बोनस देने की मांग को लेकर बुधवार को सालानपुर के देंदुआ स्थित नाकड़ाझरिया इलाके में अंजनी रेल प्राइवेट लिमिटेड कारखाने के सामने करीब 250 ठेका श्रमिकों ने प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रमिक कारखाने के मुख्य द्वार के सामने जमा हो गए और बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि वेतन भुगतान के लिए कभी कुछ दिनों बाद तो कभी किसी अन्य तारीख का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन निर्धारित समय पर भुगतान नहीं किया जाता। श्रमिकों ने कहा कि वे समय पर नियमित वेतन चाहते हैं और बकाया राशि के भुगतान की स्पष्ट तारीख प्रबंधन की ओर से बताई जानी चाहिए।

श्रमिकों का यह भी आरोप है कि वेतन के संबंध में प्रबंधन से बात करने पर उन्हें काम जारी रखने के लिए कहा जाता है। वहीं, काम बंद करने पर बाहर चले जाने की बात कही जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया। श्रमिकों की मांग है कि कारखाने के मालिक या संबंधित ठेकेदार उनके सामने आकर बकाया वेतन भुगतान की निश्चित तारीख की जानकारी दें।

श्रमिकों के समर्थन में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि भी कारखाने पहुंचे। बीएमएस नेता गोविंद विश्वास ने कहा कि इससे पहले भी श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रबंधन से बातचीत करने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय बातचीत का अवसर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि बुधवार को एक बार फिर श्रमिकों के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर प्रबंधन से बातचीत करने के लिए वे पहुंचे हैं।

गोविंद विश्वास ने कहा कि श्रमिकों को बकाया वेतन के साथ न्यूनतम मजदूरी, पूर्ण पीएफ और ईएसआई सुविधा, अस्पताल और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं तथा दुर्गापूजा से पहले बोनस मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न कारखानों में श्रमिकों की ऐसी मांगों को लेकर बीएमएस की ओर से प्रबंधन के साथ बातचीत की जा रही है।

इधर, प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद कारखाना प्रबंधन के कुछ प्रतिनिधि बाहर आए और श्रमिकों से बातचीत की। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आगामी बुधवार तक श्रमिकों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा