home page

सेल की विभिन्न इकाइयों में वीआरएस का असर

 | 

पश्चिम बर्दवान, 14 जून (हि. स.)। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के विभिन्न स्टील प्लांट और खदानों में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (वीआरएस) के तहत आवेदन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की विदाई का दौर शुरू होने जा रहा है। जानकारी के अनुसार जून और जुलाई माह में बड़ी संख्या में कर्मचारी कंपनी सेवा से अलग होंगे।

वीआरएस के लिए आवेदन की प्रक्रिया 20 मई से शुरू होकर 20 जुलाई तक जारी रहेगी। हालांकि अंतिम तिथि से पहले ही कई इकाइयों में आवेदन स्वीकृत होने के बाद कर्मचारियों की विदाई की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

बताया जा रहा है कि सेल की विभिन्न इकाईयों से अब तक 35 हजार से अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं। शुरुआती दौर में आवेदन की गति तेज थी, लेकिन अब इसमें कुछ कमी देखी जा रही है।

बोकारो, दुर्गापुर, आईएसपी बर्नपुर, सेलम, विश्वेश्वरैया, सीएमओ, सेल कॉर्पोरेट कार्यालय, खदानों और राउरकेला स्टील प्लांट से भी वीआर लेने वालों की संख्या बढ़ रही है।

सूत्रों के अनुसार, भिलाई स्टील प्लांट में 180 वीआरएस के आवेदन जमा हुये है। राउरकेला स्टील प्लांट में जून माह के दौरान 57 कर्मचारी और अधिकारी नियमित रूप से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि 20 कर्मचारियों को वीआरएस के तहत विदाई दी जाएगी। आवेदन स्वीकृत होने के बाद प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अंतिम भुगतान, मेडिक्लेम योजना और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी दी गई।

कंपनी के विभिन्न संयंत्रों और खदान क्षेत्रों में वीआरएस को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई माह में सबसे अधिक संख्या में कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सेवा से अलग हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा