सेल–आईएसपी, बर्नपुर में सुरक्षा प्रदर्शनी का सफल आयोजन
आसनसोल, 28 अप्रैल (हि. स.)। सेल–इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी), बर्नपुर के कोक ओवन एंड कोल केमिकल (सीओ एंड सीसी) विभाग द्वारा 27 अप्रैल को एक भव्य सुरक्षा प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक प्रभारी सूरजित मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) विपिन कुमार सिंह, कार्यकारी निदेशक (एमएम) संजीव कुमार सिंह, कार्यकारी निदेशक (प्रोजेक्ट्स) प्रवीण कुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में सीओ एंड सीसी विभाग की विभिन्न इकाइयों द्वारा विकसित अनेक नवोन्मेषी कार्य मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से डिजिटल, विद्युत एवं यांत्रिक क्षेत्रों में लागू की गई विभिन्न सुरक्षा पहलों को दर्शाया गया, जो कार्यस्थल सुरक्षा को तकनीक और नवाचार के माध्यम से सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हैं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण दो प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां रहीं। पहली प्रस्तुति में असुरक्षित कार्य व्यवहार एवं परिस्थितियों के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया, जबकि दूसरी प्रस्तुति अग्निसुरक्षा पर केंद्रित थी। इसमें विभिन्न प्रकार की आग तथा उनके अनुरूप अग्निशामक यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई।
यह प्रदर्शनी संगठन में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, श्रेष्ठ प्रथाओं को प्रोत्साहित करने एवं सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति को विकसित करने हेतु एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई। कार्यक्रम का समापन सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

