home page

बर्नपुर में अवैध कब्जों पर कार्रवाई तेज, सेल-आइएसपी ने गिराए तृणमूल के दफ्तर

 | 
बर्नपुर में अवैध कब्जों पर कार्रवाई तेज, सेल-आइएसपी ने गिराए तृणमूल के दफ्तर


आसनसोल , 25 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है। पश्चिम बर्दवान जिले के औद्योगिक क्षेत्र बर्नपुर में सेल-आइएसपी यानी इस्को स्टील प्लांट प्रबंधन ने अपनी जमीन पर बने तृणमूल कांग्रेस के कई दफ्तरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।

सेल-आइएसपी प्रबंधन के अनुसार, ये सभी कार्यालय बिना अनुमति उनकी जमीन पर बनाए गए थे।

अधिकारियों का कहना है कि इन अवैध निर्माणों को हटाने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी। अब प्रशासनिक बदलाव के बाद नियमों के तहत इन पर कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को आसनसोल नगर निगम के वार्ड 75 के तृणमूल पार्षद कंचन मुखर्जी का कार्यालय भी बुलडोजर से गिरा दिया गया। कंचन मुखर्जी ने बताया कि उन्हें रविवार शाम को ही कार्यालय खाली करने के लिए कहा गया था और उन्होंने सामान हटाने के लिए कुछ समय मांगा था, लेकिन अगले ही दिन सुबह कार्रवाई कर दी गई।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यालय जनता की सेवा के उद्देश्य से बनाया गया था, फिर भी यदि सरकार विकास के लिए कोई कदम उठाती है तो वह उसके साथ हैं और उन्हें इस कार्रवाई को लेकर कोई शिकायत नहीं है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बर्नपुर क्षेत्र में तृणमूल के अन्य नेताओं, जिनमें पार्षद अशोक रुद्र का नाम भी शामिल है, के दफ्तरों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। सेल-आइएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उनकी जमीन से सभी अवैध कब्जे हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा