बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ ने जारी किया घोषणापत्र
पश्चिम बर्दवान, 19 सितंबर (हि.स.)।
सेल-आईएसपी के प्रस्तावित यूनियन चुनाव को लेकर बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस) ने अपना घोषणापत्र और संकल्प पत्र जारी किया। शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने 39 महीने के बकाया एरियर, वेतन समझौते, कर्मचारियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, वेतन, पदोन्नति, आवास और टाउनशिप के विकास समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संगठन की ओर से कर्मचारियों का 51 प्रतिशत से अधिक समर्थन मिलने पर घोषणापत्र में शामिल मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही गई।
केंद्रीय भारतीय मजदूर संघ के इस्पात उद्योग के सह-प्रभारी हिमांशु बल ने कहा कि 107 साल बाद बर्नपुर में यूनियन चुनाव होने जा रहा है और कर्मचारियों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि को मतदान के जरिए चुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर मामला उच्च न्यायालय की एकल पीठ और खंडपीठ से होते हुए सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा है तथा 21 सितंबर सोमवार को इसकी सुनवाई होनी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उसमें भी बीएमएस की जीत होगी।
हिमांशु बल ने 39 महीने के एरियर और वेतन समझौते का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीएमएस लगातार इसके लिए संघर्ष कर रही है। उनके अनुसार, 9 दिसंबर 2025 की उप-समिति बैठक में प्रबंधन ने 39 महीने के एरियर को लेकर समझौता करने से इनकार किया था। इसके बाद 3 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय श्रम आयुक्त की बैठक में भी समझौता नहीं होने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि बीएमएस ने इस मामले को लेकर ओडिशा उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की है।
16 सितंबर की सुनवाई में इस्पात मंत्रालय, सेल के अध्यक्ष और आरएसपी के निदेशक-प्रभारी को नोटिस जारी किया गया। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी। उन्होंने अन्य यूनियनों से भी इस मुद्दे पर एकजुट होकर लड़ाई में शामिल होने की अपील की।
वहीं बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के सचिव श्रीकांत साह ने संकल्प पत्र की घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र में चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है—सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, कर्मचारी कल्याण एवं वेतन-पदोन्नति तथा टाउनशिप, आवास एवं बेहतर जीवन-स्तर।
संकल्प पत्र में संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दुर्घटनाओं की रोकथाम और बेहतर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। चिकित्सा सुविधाओं के तहत अस्पताल की व्यवस्था मजबूत करने, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं चिकित्सा कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रभावी बनाने की बात कही गई है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों की चिकित्सा सुविधाओं में सुधार का भी उल्लेख है।
कर्मचारी कल्याण के तहत वेतन, पदोन्नति और सेवा संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा पदोन्नति में पारदर्शिता लाने का संकल्प लिया गया है। वहीं टाउनशिप और आवास के तहत साफ-सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार का वादा किया गया है। संकल्प पत्र में “राष्ट्रहित, उद्योगहित, मजदूरहित” के सिद्धांत को प्रमुखता दी गई है।
मौके पर बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव संजीत बनर्जी, अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव श्रीकांत साह, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, संगठन सचिव अमित सिंह, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद, कोषाध्यक्ष सचिन कुमार, सचिव रणवीर गुर्जर, उपाध्यक्ष दीपक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

