home page

सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) पद के लिये चयनित टीएन नटराजन को केबिनेट से मंजूरी मिल गयी

 | 
सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) पद के लिये चयनित टीएन नटराजन को केबिनेट से मंजूरी मिल गयी


आसनसोल, 18 मार्च (हि. स.)। भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अंतर्गत स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में निदेशक (वाणिज्यिक) पद के लिए चयन प्रक्रिया के बाद अब कैबिनेट से मंजूरी भी मिल गई है। सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी (एससीएससी) ने इस पद के लिए टीएन नटराजन के नाम की सिफारिश की थी, जिस पर राष्ट्रपति की मुहर लग गई है। नौ जनवरी 2026 को चयन की प्रक्रिया हुयी थी। चयन समिति ने इंटरव्यू लेकर 12 वरिष्ठ अधिकारियों में से टीएन नटराजन का चयन सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) पद के लिए किया था। चयन प्रक्रिया के दौरान सेल, आईओसी, एनटीपीसी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।

वर्तमान में वह सीजीएम (सेल्स) एवं क्षेत्रीय प्रबंधक, पश्चिमी क्षेत्र हैं। नटराजन को बिक्री एवं विपणन क्षेत्र में दीर्घ अनुभव प्राप्त है। सेल के विभिन्न संयंत्रों और क्षेत्रों में कार्य करने का उन्हें व्यापक अनुभव रहा है, जिसे कंपनी की वाणिज्यिक रणनीतियों को और मजबूत करने में अहम माना जा रहा है।

जारी आदेश में बताया गया है कि टीएन नटराजन, जो वर्तमान में सेल में चीफ जनरल मैनेजर (सीजीएम) के पद पर कार्यरत हैं, को कंपनी का डायरेक्टर (कमर्शियल) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और यह कार्यकाल पांच वर्षों तक या उनकी सेवानिवृत्ति तक (जो भी पहले हो) लागू रहेगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तें अलग से जारी की जाएंगी। यह नियुक्ति सेल के कमर्शियल संचालन को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा