सेल के चेयरमैन एके पांडा का आईएसपी बर्नपुर दौरा
पश्चिम बर्दवान, 27 जून (हि. स.)। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) ए. के. पांडा शनिवार को दो दिवसीय दौरे के तहत आईएसपी बर्नपुर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर संयंत्र परिसर में विशेष तैयारियां की गईं और विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएमडी ए. के. पांडा सुबह अंडाल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से बर्नपुर रवाना हुए और बर्नपुर हाउस पहुंचे, जहां वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सीआईएसएफ की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
दौरे के दौरान सीएमडी ने बर्नपुर हाउस परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने डीआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागाध्यक्षों और कार्यात्मक प्रमुखों के साथ बैठक कर संयंत्र की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की।
कार्यक्रम के तहत सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों को लेकर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। इसके बाद सीएमडी ने प्लांट और विभिन्न परियोजना स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख परियोजनाओं, कोक ओवन बैटरी-12, ध्वस्तीकरण स्थल, पुनर्वास सुविधाओं, डब्ल्यूआरएम कॉइल स्टोरेज तथा सीओबी-10 फ्लेयर स्टैक का अवलोकन किया गया।
इसके साथ ही उन्होंने संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाइयों ब्लास्ट फर्नेस, स्टील मेल्टिंग शॉप और यूनिवर्सल सेक्शन मिल का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य प्रगति और उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली।
दोपहर में सीएमडी ने विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक और संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने यूनियन प्रतिनिधियों एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन के साथ भी बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
दौरे के बाद सीएमडी आगे के निर्धारित कार्यक्रम के तहत दुर्गापुर के लिए रवाना हुए।
इस दौरे को संयंत्र के विकास, परियोजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक समन्वय के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

