सेल के वित्त निर्देशक डॉ अशोक कुमार पांडा बने सीएमडी, अधिकारी संगठन तथा यूनियन की ओर से दी गई बधाइयां
आसनसोल, 28 मार्च (हि. स.)। स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के नए चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) के रूप में डॉ. अशोक कुमार पंडा का चयन किया गया है। यह फैसला पब्लिक एंटरप्राइजेज सेलेक्शन बोर्ड (पीइएफबी) की बैठक में लिया गया, जिसमें कुल 10 वरिष्ठ अधिकारियों का साक्षात्कार हुआ। सीएमडी पद के लिए हुए इंटरव्यू में सेल, अन्य सार्वजनिक उपक्रमों और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
सीएमडी पद के लिए जिन अधिकारियों का साक्षात्कार हुआ, उनमें प्रमुख नाम निदेशक (माइनिंग), सेल; अतिरिक्त प्रभार सीएमडी आर आइएनएल मनीष राज गुप्ता, निदेशक प्रभारी, (राउरकेला स्टील प्लांट) आलोक वर्मा, निदेशक (वित्त), सेल डॉ. अशोक कुमार पांडा, कार्यकारी निदेशक (माइंस डेवलपमेंट), सेल बिपिन कुमार गिरी, कार्यकारी निदेशक (माइंस), राउरकेला मुन्ना प्रसाद सिंह, कार्यकारी निदेशक (प्रोजेक्ट्स), सेल अनीश सेनगुप्ता, निदेशक (वित्त), आर आइटीईएस लिमिटेड कृष्ण गोपाल अग्रवाल, प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर, एस इसीआर
अनुप कुमार सतपथी, फाइनेंशियल एडवाइजर एवं सीएओ रेलवे डॉ. पुडी हरिप्रसाद, सीएमडी सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड चेतन प्रकाश जैन शामिल हुए।
चयन प्रक्रिया के बाद पीईएसबी ने डॉ. पांडा के नाम की अनुशंसा की। वह वर्तमान में सेल में डायरेक्टर (फाइनेंस) के पद पर कार्यरत हैं और कॉमर्शियल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। डॉ. पांडा को वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पोरेट रणनीति और व्यावसायिक संचालन का लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व में कंपनी की वित्तीय रणनीतियों और व्यावसायिक वृद्धि को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। देश की प्रमुख स्टील कंपनियों में शामिल सेल के लिए यह नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आने वाले समय में निवेश, उत्पादन और प्रतिस्पर्धा के लिहाज से सीएमडी की भूमिका निर्णायक होगी। सेल और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने डॉ. पांडा को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में कंपनी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी।
आइओए अध्यक्ष सुशील कुमार सुमन ने कहा कि हम आशा करते हैं कि नवनियुक्त सीएमडी के नेतृत्व में सेल नई ऊंचाइयों को छूएगा और उत्कृष्ट की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

