सिलीगुड़ी में होटल-रेस्तरां की सुरक्षा जांच शुरू
सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (हि.स.)। तारापीठ और न्यूटाउन में हुए होटल अग्निकांडों में 18 लोगों की मौत के बाद पश्चिम बंगाल में होटल और रेस्तरां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी में भी होटल, रेस्तरां, लॉज, शॉपिंग मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच शुरू की गई है।
गुरुवार को राज्य के पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने दमकल अधिकारियों तथा सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर के साथ शहर के स्टेशन फीडर रोड (एसएफ) स्थित कई होटल और रेस्तरां का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, सुरक्षा उपकरण और अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की गई।
निरीक्षण के बाद मंत्री शंकर घोष ने बताया कि अगले एक महीने तक शहर के विभिन्न होटल, रेस्तरां, लॉज, शॉपिंग मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में संयुक्त सुरक्षा जांच अभियान चलाया जाएगा। जिन संस्थानों के कागजात या लाइसेंस में खामियां पाई जाएंगी, उन्हें सुधार के लिए एक महीने का समय दिया जाएगा।
हालांकि, जिन प्रतिष्ठानों के पास फायर लाइसेंस नहीं है या जहां गंभीर सुरक्षा अनियमितताएं पाई जाती हैं, उन्हें लाइसेंस प्राप्त होने तक अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।मंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य व्यवसायियों को परेशान करना नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

