जिला प्राथमिक विद्यालय परिषद के नए अध्यक्ष बने साधन पाल
कूचबिहार, 12 अक्टूबर (हि. स.)। कूचबिहार जिला प्राथमिक विद्यालय परिषद के अध्यक्ष पद पर सेवानिवृत्त शिक्षक साधन पाल को नियुक्त किया गया है। माथाभांगा शहर के वार्ड नंबर दस के निवासी साधन पाल लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं। शिक्षक के रूप में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर सोमवार को साधन पाल ने राज्य की मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले वह अपनी जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र को अच्छी तरह समझेंगे। इसके बाद जिले के प्राथमिक विद्यालयों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाएंगे।
साधन पाल के अनुसार, जिले के कई प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों की हालत में सुधार लाना और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उनका मानना है कि प्राथमिक शिक्षा ही विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। इसलिए शुरुआती स्तर से ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

