पूर्व तृणमूल विधायक सब्यसाची दत्ता के पांच बैंक खाते फ्रीज, पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस
कोलकाता, 17 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक सब्यसाची दत्ता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस ने उनकी पांच बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। साथ ही उनकी पत्नी इंदिरा दत्ता की तलाश भी तेज कर दी गई है, जो पति की गिरफ्तारी के बाद से फरार बताई जा रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फ्रीज किए गए पांच बैंक खातों में से एक संयुक्त खाता सब्यसाची दत्ता और उनकी पत्नी इंदिरा दत्ता के नाम पर है। इन खातों में कुल मिलाकर लगभग 1.70 करोड़ रुपये जमा हैं। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि दंपति के नाम पर उसी बैंक में दो लॉकर भी हैं।
जांच अधिकारियों को संदेह है कि इन लॉकरों में बड़ी मात्रा में सोना रखा हो सकता है। यह आशंका दत्ता के घर पर गिरफ्तारी के बाद हुई तलाशी के दौरान मिली उन रसीदों के आधार पर जताई जा रही है, जिनसे 50 किलोग्राम सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली थी।
पुलिस ने बैंक खातों को फ्रीज करने के अलावा इंदिरा दत्ता के नाम पर पंजीकृत एक लग्जरी स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन भी जब्त कर लिया है। जांच के दौरान अधिकारियों को पूर्व विधायक के नाम पर पंजीकृत एक आवासीय फ्लैट की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
मंगलवार को पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के गोघाटा स्थित दत्ता के ससुराल में भी तलाशी अभियान चलाया। हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस बुधवार को सब्यसाची दत्ता को विधाननगर अदालत में पेश कर उनकी दोबारा पुलिस हिरासत की मांग करेगी।
उत्तर 24 परगना जिले के राजारहाट-न्यूटाउन विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके सब्यसाची दत्ता वर्तमान में विधाननगर नगर निगम के 31 नंबर वार्ड के पार्षद हैं। उन्हें साल्ट लेक के एक व्यवसायी द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। शिकायत में उन पर भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
पुलिस का कहना है कि इस शिकायत के अलावा भी अतीत में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार, वसूली और स्थानीय स्तर पर दबंगई से जुड़े कई आरोप सामने आए थे। व्यवसायी की शिकायत मिलने के बाद 8 जून की मध्यरात्रि को विधाननगर उत्तर थाना पुलिस ने राजारहाट के रायगाछी स्थित उनके आवास पर छापेमारी की थी। लंबी पूछताछ के बाद 9 जून की सुबह उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था।
फिलहाल पुलिस उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक लेनदेन और कथित अवैध संपत्ति के स्रोतों की विस्तृत जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

