home page

लगातार बारिश से सबंग के कई इलाके जलमग्न, सिंचाई मंत्री ने किया मौके का निरीक्षण

 | 
लगातार बारिश से सबंग के कई इलाके जलमग्न, सिंचाई मंत्री ने किया मौके का निरीक्षण


मेदिनीपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग प्रखंड में लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण विस्तृत क्षेत्र जलमग्न हो गया है। पांच नंबर सांतरा, आठ नंबर सबंग और 13 नंबर विष्णुपुर क्षेत्र के कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। कहीं घरों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है तो कहीं सड़कों पर पानी चढ़ जाने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

स्थिति की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को राज्य के सिंचाई मंत्री अरूप कुमार दास ने सबंग के जलमग्न इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले बाड़जीवन इलाके से सटे कपालेेश्वरी नदी के बांध के धंसने की आशंका वाले हिस्सों का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रखंड के कई जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ घाटाल संगठनात्मक जिले के उपाध्यक्ष अमूल्य माइति, सबंग के विधायक अमल पंडा, प्रखंड विकास अधिकारी रोमन मंडल सहित सिंचाई विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

सिंचाई मंत्री ने कहा कि, लंबे समय से नदियों की समुचित सफाई और गाद निकालने का कार्य नहीं होने के कारण जल निकासी में समस्या उत्पन्न हो रही है। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही बांध की मिट्टी भी नरम हो रही है, जिससे कई स्थानों पर बांध के धंसने की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक स्थानों पर नदी की सफाई, बांध की मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने प्रभावित लोगों को आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जलमग्न क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नदियों और बांधों के कमजोर हिस्सों को चिह्नित कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता