112 नंबर पर बार-बार फोन कर पुलिस को परेशान करने का आरोप, एक गिरफ्तार
पश्चिम मेदिनीपुर, 29 नवंबर (हि. स.)। जिले के सबंग में पुलिस के आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर बार-बार फोन कर झूठी शिकायत करने और पुलिसकर्मियों को परेशान करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सबंग ब्लॉक के नवगां इलाके के बड़साबड़ा गांव की है। गांव के निवासी श्यामल माइती और प्रताप नायक पर आरोप है कि उन्होंने लगातार दो दिनों तक कई बार पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर झूठी शिकायतें कीं। शिकायत मिलने पर पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो वहां उन्हें अलग ही स्थिति देखने को मिली।
आरोप है कि दोनों युवक फोन पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार भी कर रहे थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दोनों कथित तौर पर नशे की हालत में मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्यामल माइती को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस को देखकर प्रताप नायक मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपित को खड़गपुर अदालत में पेश किया गया है। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

