भारी बारिश से रूपसा-बांगरीपोसी रेलखंड प्रभावित, पांच मेमू ट्रेनें रद्द
खड़गपुर, 17 अगस्त (हि. स.)। रेलवे अधिकारियों द्वारा सोमवार दोपहर डेढ़ बजे जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण रूपसा–बांगरीपोसी खंड में अनुरक्षण कार्य जारी है। सुरक्षित एवं सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार 17 अगस्त को निर्धारित निम्नलिखित मेमू एवं स्थानीय रेल सेवाओं को रद्द कर दिया गया है।
रेलवे द्वारा रद्द की गई सेवाओं में रेलगाड़ी संख्या -
68181 रूपसा–बारीपदा मेमू,
68183 बारीपदा–बांगरीपोसी मेमू,
68182 बांगरीपोसी–बारीपदा मेमू,
68184 बारीपदा–रूपसा मेमू तथा
68173 रूपसा–भंजपुर मेमू शामिल हैं।
इसके अलावा रेलगाड़ी संख्या 18007 शालीमार–भंजपुर एक्सप्रेस, जो सोमवार 17 अगस्त को निर्धारित है, उसे रूपसा स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा। वहीं, रेलगाड़ी संख्या 18008 भंजपुर–शालीमार एक्सप्रेस, जो मंगलवार 18 अगस्त को निर्धारित है, रूपसा स्टेशन से ही आरंभ होगी।
रेलवे के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश के बाद प्रभावित रेलखंड में रेल आधारभूत संरचना की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अनुरक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

