रूपनारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता : 10 दिन में चोरी का खुलासा
पश्चिम बर्दवान, 16 जुलाई (हि. स.)। सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस चौकी ने चोरी के एक बड़े मामले का मात्र 10 दिनों के भीतर सफल खुलासा करते हुए चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों समेत अन्य कीमती सामान बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, छह जुलाई की रात पश्चिम रांगामाटिया निवासी पंडित बाबू के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी व लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की प्रभारी सुमंगल सरकार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाने के साथ-साथ गुप्त निगरानी भी शुरू कर दी।
जांच के दौरान 12 जुलाई की रात पुलिस को इलाके में एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अभित पाशी (20) के रूप में हुई, जो झारखंड के मिहिजाम का निवासी है।
पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार करते हुए यह भी बताया कि चोरी का सामान कहां-कहां छिपाया और बेचा गया है।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चोरी गए सभी कीमती सामान बरामद कर लिए। बरामद सामान में दो सोने के कंगन, सोने के झुमके, कई सोने की अंगूठियां और ब्रेसलेट, एक बड़ी चांदी की चेन, तीन छोटी चांदी की चेन, एक चांदी का कमरबंद, एक चांदी की कमर चेन, एक महंगा कैमरा तथा दो हाथ घड़ियां शामिल हैं। घटना के महज 10 दिनों के भीतर चोरी का खुलासा कर अधिकांश सामान बरामद करने पर स्थानीय लोगों ने रूपनारायणपुर पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चोरी की इस वारदात में आरोपित के साथ और कौन-कौन शामिल थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

