home page

मालबहाल मैदान से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
मालबहाल मैदान से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार


आसनसोल, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

रूपनारायणपुर के मालबहाल मैदान में हथियार के साथ संदिग्ध रूप से मौजूद एक युवक को रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंदा यादव (22) के रूप में हुई है। वह झारखंड के मेहिजाम का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए संभावित बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम करने का दावा किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रूपनारायणपुर के मालबहाल मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति के हथियार के साथ छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर रूपनारायणपुर फांड़ी के प्रभारी सुमंगल सरकार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की। इलाके की घेराबंदी कर पुलिस ने गोविंदा यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले अच्छरा में हुई एक झड़प के दौरान हवा में गोली चलाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। हालांकि, इस मामले में उसकी भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस को आशंका है कि गोविंदा यादव किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से हथियार लेकर मालबहाल मैदान पहुंचा था। हालांकि, उसके कथित इरादे और किसी गिरोह से संभावित संबंधों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जांच अधिकारियों ने हथियार के स्रोत का पता लगाने, आरोपी से पूछताछ करने और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच के लिए अदालत से सात दिनों की पुलिस हिरासत मांगी है।

फिलहाल, रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा