home page

अवैध वसूली और रिश्वत लेने के मामले में दो आरोपित को दो दिनों की पुलिस रिमांड

 | 
अवैध वसूली और रिश्वत लेने के मामले में दो आरोपित को दो दिनों की पुलिस रिमांड


अवैध वसूली और रिश्वत लेने के मामले में दो आरोपित को दो दिनों की पुलिस रिमांड


पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रामपुर चेकपोस्ट पर कथित 'डंडा टैक्स' के नाम पर अवैध वसूली और रिश्वत लेने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। झाड़ग्राम से गिरफ्तार किए गए निलंबित मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) नाजिमुल हक और अनुपम बनर्जी को रविवार को वर्चुअल माध्यम से आसनसोल अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपितों को दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

कुछ दिन पहले इस मामले के उजागर होने के बाद राज्य के परिवहन विभाग ने नाजिमुल हक और अनुपम बनर्जी को वेस्ट बंगाल सर्विसेज रूल्स, 1971 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही पूरे मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को सौंप दी गई थी।

निलंबन के बाद से दोनों अधिकारी फरार चल रहे थे। उनकी तलाश में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार पुलिस ने दोनों आरोपियों को झाड़ग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि रामपुर चेकपोस्ट से गुजरने वाले अंतरराज्यीय मालवाहक वाहनों से कथित तौर पर 'डंडा टैक्स' के नाम पर अवैध वसूली की जाती थी। शिकायत सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित किया था और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच एसीबी को सौंपी थी।

पुलिस और एसीबी अब इस पूरे नेटवर्क, अवैध वसूली में शामिल अन्य लोगों तथा रिश्वतखोरी के पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा