home page

डानकुनी टोल प्लाजा के सामने माकपा नेता शतरूप घोष की कार को लॉरी ने मारी टक्कर

 | 
डानकुनी टोल प्लाजा के सामने माकपा नेता शतरूप घोष की कार को लॉरी ने मारी टक्कर


कोलकाता, 30 सितंबर (हि. स.)। माकपा नेता शतरूप घोष की कार बुधवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। डानकुनी टोल प्लाजा के सामने उनकी कार को एक लॉरी ने टक्कर मार दी। हादसे में शतरूप घोष के घायल होने की कोई खबर नहीं है और बताया गया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इससे पहले वर्ष 2023 में भी अलीपुर रोड के एक सिग्नल पर खड़ी उनकी कार को पीछे से एक कार ने टर्निंग प्वाइंट पर टक्कर मार दी थी। उस हादसे में उनकी कार का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ था। हालांकि कार में मौजूद उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित रहे थे।

उस समय शतरूप घोष ने आरोप लगाया था कि उनकी कार को टक्कर मारने वाली गाड़ी आईपीएस वेलफेयर सोसाइटी वेस्ट बंगाल की थी। उनका आरोप था कि टक्कर के बाद उक्त गाड़ी के चालक ने उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना को लेकर उन्होंने अलीपुर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी।

उस घटना के बाद शतरूप घोष ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री की गाड़ी को मामूली टक्कर लगने पर भी साजिश की बात सामने आ जाती है, लेकिन वह अपनी घटना को लेकर ऐसा कोई दावा नहीं कर रहे हैं। वह यह नहीं कह रहे कि उनकी हत्या की कोशिश की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा