नेशनल हाईवे 19 पर सड़क हादसा, सब्जी विक्रेता की मौत
अंडाल, 13 अप्रैल (हि.स.)।
सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 19 पर अंडाल एयरपोर्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई, जबकि पिकअप वैन में सवार अन्य व्यवसायी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रोज की तरह सब्जी विक्रेता दुर्गापुर के सेन मार्केट से थोक में सब्जियां खरीदकर पिकअप वैन से अंडाल लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे जब वाहन अंडाल एयरपोर्ट के सामने से गुजर रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि एक सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित करते हुए यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

