home page

बासंती में आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमला, एफआईआर दर्ज

 | 

बासंती, 22 सितंबर (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दो कार्यकर्ताओं पर हमले की घटना सामने आई है। संघ के सीमा जागरूकता मंच के कार्यकर्ता तपन माझी और सुमल मंडल के साथ मारपीट कर उनका सिर फोड़ने का आरोप स्थानीय कुछ बदमाशों पर लगा है। घटना सोमवार रात बासंती थाना क्षेत्र के मस्जिदबाटी ग्राम पंचायत इलाके के प्रभास मोड़ में हुई। घटना में तपन माझी और सुमल मंडल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को रात में ही इलाज के लिए बसंती ब्लॉक ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद मंगलवार सुबह उन्होंने इस संबंध में बसंती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ितों का आरोप है कि सुंदरबन के इस सीमावर्ती इलाके में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। तपन और सुमल ने इसका विरोध किया था। उनका दावा है कि इसी कारण उन पर हमला किया गया। तपन ने आरोप लगाया कि बाबुसोना मंडल, मिथुन मंडल, निलाद्रि मंडल समेत उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया।

तपन ने बताया कि सुंदरबन के इस तटीय इलाके में कई अवैध गतिविधियां हमारी नजर में आई हैं। हमने इसका विरोध किया और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी। इसी कारण हम पर हमला किया गया है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में वर्चस्व को लेकर यह विवाद हुआ है। बासंती के कांग्रेस नेता मनिरुल इस्लाम मोल्ला ने कहा कि तृणमूल वाले ही अब भाजपा बन गए हैं और इसी वजह से उसी तरह का अत्याचार फिर शुरू हो गया है। नये और पुराने भाजपा समर्थकों के बीच विवाद है। किसका इलाके पर नियंत्रण रहेगा, इसे लेकर यह संघर्ष है।

दूसरी ओर, घटना के बाद आरोपित पक्ष ने भी बासंती थाने में पलटवार करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद मंगलवार दोपहर उन्हें एक साथ बैठाकर फिलहाल विवाद सुलझा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को चेतावनी दी है कि भविष्य में इलाके में इस तरह की अशांति होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप