सिलीगुड़ी में टैक्सी से दस लाख रुपये बरामद
सिलीगुड़ी, 17 अप्रैल (हि. स.)। चुनाव आयोग की सख्ती के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक एक सप्ताह पहले बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नाका चेकिंग के दौरान एक टैक्सी से दस लाख रुपये बरामद किए गए है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान को लेकर सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार नाका चेकिंग और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है।
इसी दौरान बीती देर रात सालूगाड़ा से चेकपोस्ट की ओर आ रही एक संदिग्ध टैक्सी को रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी की पिछली सीट पर रखे बैग से 500 रुपये के नोटों के दस बंडल बरामद किए गए। हर बंडल में एक लाख रुपये थे, इस तरह कुल दस लाख रुपये नकद जब्त किए गए।
यह कार्रवाई चुनाव आयोग की एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) ने पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में की। गाड़ी में मौजूद व्यक्ति से जब नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज और उपयोग का विवरण मांगा गया, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
गौरतलब है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद बिना वैध दस्तावेज के 50 हजार रुपये से अधिक नकद लेकर यात्रा करना नियमों के खिलाफ है। ऐसे मामलों में चुनाव आयोग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाती है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस रकम का इस्तेमाल चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था। मामले की आगे जांच के लिए संबंधित व्यक्ति को जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन की मॉनिटरिंग टीम के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है, जहां उसे नकदी से जुड़े सभी दस्तावेज और स्पष्टीकरण देना होगा।
चुनाव से पहले भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद पुलिस और एसएसटी टीम ने पूरे क्षेत्र में निगरानी और भी बढ़ा दी है, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

