तमलूक में आरपीएफ की कार्रवाई, पकड़ा गया अवैध ई-टिकट कारोबारी
खड़गपुर, 15 सितंबर (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तमलूक पोस्ट ने रेलवे ई-टिकटों की अवैध दलाली और खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। आरोपित अपनी व्यक्तिगत यूजर आईडी का इस्तेमाल कर अवैध रूप से ई-टिकट बनाकर कारोबार कर रहा था।
मंगलवार शाम रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार आरोपित डिजिटल इनपुट के आधार पर आरपीएफ ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के भगवानपुर थाना अंतर्गत पश्चिम सरबेरिया निवासी हेसीबुल अली खान (35) के खिलाफ जांच शुरू की थी। पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि उसके पास कोई अधिकृत आईआरसीटीसी एजेंट आईडी नहीं थी। वह अपने निजी वित्तीय लाभ के लिए अपने मोबाइल फोन और पर्सनल यूजर आईडी का इस्तेमाल कर घर से ही टिकट बुक किया करता था।
जांच के दौरान आरपीएफ ने आरोपित के पास से छह हजार 128.50 रुपये मूल्य के तीन चालू (लाइव) ई-टिकट और 22 हजार 270.70 रुपये मूल्य के छह पुराने इस्तेमाल किए गए ई-टिकट बरामद किए। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
मामले में आरपीएफ तमलूक ने सोमवार को आरोपित के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला (केस नंबर 1255/26) दर्ज किया है। आरोपित को बीएनएसएस की धारा 35(चार) के प्रावधानों के तहत रिहा कर दिया गया, जबकि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मंगलवार को संबंधित दस्तावेज अदालत के समक्ष प्रस्तुत कर दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

