home page

घर से भागे दो नाबालिगों को दांतन रेलवे स्टेशन से आरपीएफ ने पकड़ा

 | 
घर से भागे दो नाबालिगों को दांतन रेलवे स्टेशन से आरपीएफ ने पकड़ा


खड़गपुर, 07 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से घर से भागे दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को चाइल्ड हेल्प डेस्क, खड़गपुर के सुपुर्द कर दिया गया।

मंगलवार शाम करीब छह बजे रेलवे अधिकारियों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस घटना की पुष्टि की गई। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि आरपीएफ की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण दोनों नाबालिगों को समय रहते सुरक्षित संरक्षण में लिया जा सका।

आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दांतन रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल एम. के. मीणा ने बुकिंग काउंटर के पास एक नाबालिग लड़के और लड़की को संदिग्ध स्थिति में बैठे देखा। संदेह होने पर उनसे पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने बताया कि वे रविवार शाम को खड़गपुर स्थित अपने घरों से भागकर स्टेशन पहुंचे थे।

इसके बाद आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत दोनों बच्चों को अपनी सुरक्षा में लिया और इसकी सूचना आरपीएफ पोस्ट हिजली के शिफ्ट अधिकारी को दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दोनों नाबालिगों को हिजली पोस्ट लाया गया, जहां उन्हें भोजन और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई। साथ ही इस घटना की जानकारी रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन, खड़गपुर को भी दी गई।

सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरपीएफ ने दोनों बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ स्थिति में चाइल्ड हेल्प डेस्क, खड़गपुर के सुपुर्द कर दिया। यहां दोनों बच्चों की काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता