home page

खड़गपुर मंडल में आरपीएफ ने तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया

 | 
खड़गपुर मंडल में आरपीएफ ने तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया


खड़गपुर मंडल में आरपीएफ ने तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया


खड़गपुर, 16 नवंबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शालीमार और सांतरागाछी रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग घटनाओं में तीन नाबालिग लड़कों को सुरक्षित बचाया है। तीनों बच्चे अपने घरों से निकलकर रेलवे स्टेशन पर अकेले भटक रहे थे।

सोमवार शाम रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार पहली घटना 15 नवंबर की है। शालीमार आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित जांच के दौरान स्टेशन के यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर के पास दो नाबालिग लड़कों को घूमते हुए देखा। पूछताछ में पता चला कि दोनों बिना घरवालों को बताए घर से निकल आए थे। वे रोजगार की तलाश में तमिलनाडु के इरोड जाना चाहते थे। उनकी कम उम्र को देखते हुए आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और शालीमार आरपीएफ पोस्ट ले गए। बाद में दोनों बच्चों को उचित देखभाल और सुरक्षा के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), हावड़ा को सौंप दिया गया।

वहीं, दूसरी घटना 14 नवंबर को सांतरागाछी रेलवे स्टेशन की है। यहां आरपीएफ कर्मियों ने प्लेटफॉर्म संख्या छह पर जांच के दौरान करीब 14 वर्षीय एक लड़के को अकेले बैठे देखा। पूछताछ में उसने बताया कि माता-पिता से विवाद के बाद वह घर छोड़कर आ गया है और वापस लौटना नहीं चाहता। आरपीएफ कर्मियों ने उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराया तथा सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट ले गए। बाद में बाल कल्याण समिति, हावड़ा के निर्देश पर उसे उचित देखभाल और संरक्षण के लिए इतिंदा कम्युनिटी डेवलपमेंट सोसाइटी के परामर्शदाता को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता