शालीमार स्टेशन पर आरपीएफ ने लापता बच्ची का किया सुरक्षित बचाया
कोलकाता, 18 अगस्त (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपने विशेष अभियान 'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' के तहत सोमवार को शालीमार रेलवे स्टेशन से एक लापता नाबालिग बच्ची को सुरक्षित बचाया है। रेलवे द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मंगलवार शाम को दी गई सूचना अनुसार, यह कार्रवाई त्वरित सूचना और खुफिया तंत्र के सहयोग से संभव हो सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, शालीमार रेलवे स्टेशन पर एक लापता नाबालिग बच्ची की मौजूदगी और उसकी तस्वीर से संबंधित सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट शालीमार और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी), शालीमार के जवानों ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान रात लगभग 8:30 बजे (20:30 बजे), आरपीएफ टीम ने शालीमार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर करीब 10 साल की एक बच्ची को अकेले बैठे देखा। आरपीएफ अधिकारियों द्वारा जब उससे बातचीत की गई, तो उसने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की निवासी के रूप में बताई।
गहन पूछताछ में बच्ची ने खुलासा किया कि वह दक्षिण दिनाजपुर स्थित अपने ननिहाल (बालुरघाट) से शालीमार रेलवे स्टेशन पहुंची थी और वह ट्रेन संख्या 18047 अमरावती एक्सप्रेस से गोवा जाने की योजना बना रही थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपनी मां या परिवार के अन्य सदस्यों को बताए बिना और उनकी सहमति के बिना घर से निकल आई थी।
घटना के बाद आरपीएफ जवानों ने तुरंत बच्ची को सुरक्षित अपनी हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं व आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट शालीमार ले आए। इस संबंध में पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर स्थित कुमारगंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद, बचाई गई नाबालिग बच्ची को उसके सामान के साथ आगे की सुरक्षा, देखभाल और कार्रवाई हेतु रेलवे चाइल्ड हेल्प लाइन, हावड़ा (पश्चिम बंगाल) को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

