बाल श्रम के संदेह में शालीमार स्टेशन से पांच नाबालिग लड़कों को बचाया
खड़गपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के खड़गपुर मंडल ने बाल श्रम के लिए ले जाए जा रहे पांच नाबालिग लड़कों को शालीमार रेलवे स्टेशन से बचाया है। इस मामले में आरपीएफ ने एक वयस्क व्यक्ति को भी पकड़ा है। यह कार्रवाई 11 नवंबर को की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर आरपीएफ ने शालीमार और सांतरागाछी पोस्ट के अधिकारियों तथा टास्क टीम के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 11 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रेन संख्या 17066 (चर्लापल्ली-शालीमार एक्सप्रेस) के आने से पहले प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर एक व्यक्ति पांच नाबालिग लड़कों के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला।
पूछताछ में उस व्यक्ति ने बताया कि वह पांचों लड़कों को काम के लिए चर्लापल्ली ले जा रहा था। जांच में पता चला कि सभी लड़कों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है और वे मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं। उन्हें मकान निर्माण स्थलों पर सामग्री आपूर्ति का काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बदले उन्हें प्रतिदिन 700 से 800 रुपये मजदूरी देने की बात कही गई थी।
हालांकि, पकड़ा गया व्यक्ति नाबालिगों को काम पर ले जाने के संबंध में कोई वैध अनुमति या आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सका। लड़कों के बयान से भी उन्हें मजदूरी के लिए ले जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद आरपीएफ ने पांचों नाबालिगों और संबंधित व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी शालीमार को सौंप दिया। इस मामले में जीआरपी शालीमार ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(पांच)/62 और बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिबंध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की संख्या 90/26 है।
आरपीएफ खड़गपुर मंडल की इस कार्रवाई को रेलवे परिसर में बच्चों को शोषण से बचाने और बाल श्रम पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

