दक्षिण पूर्व रेलवे में आरपीएफ ने यात्रियों का खोया सामान लौटाया
खड़गपुर, 15 अप्रैल (हि. स.)। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर खोया या छूटा सामान बरामद कर यात्रियों को वापस किया।
बुधवार शाम एक प्रेस विज्ञप्ति द्वारा जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि मंगलवार सुबह बाउरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-एक (हावड़ा छोर) पर एक मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिला। यात्रियों से पूछताछ और पीए सिस्टम से घोषणा के बावजूद कोई दावेदार नहीं मिलने पर मोबाइल को आरपीएफ पोस्ट उलुबेरिया में सुरक्षित रखा गया। बाद में वास्तविक मालिक ने पहचान पत्र दिखाकर लगभग 12 हजार रुपये कीमत का मोबाइल प्राप्त किया।
इसी दिन रेल मदद के माध्यम से ट्रेन संख्या 12074 डाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस के कोच डी-10 में छूटे सामान की सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए जलेश्वर रेलवे स्टेशन से सामान बरामद कर सत्यापन के बाद मालिक को सौंप दिया गया। बरामद सामान की कीमत लगभग 2100 रुपये थी।
इसके अलावा 13 अप्रैल को ट्रेन संख्या 18402 पुरी–बांगरीपोसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में छूटा एक हैंडबैग भी बरामद किया गया। बैग में महत्वपूर्ण चिकित्सा दस्तावेज, पहचान पत्र और मोबाइल फोन था। सत्यापन के बाद 14 अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट बारीपदा में इसे मालिक को लौटा दिया गया। इसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई।
एक अन्य मामले में रेल मदद के माध्यम से ट्रेन संख्या 08401 के कोच ए-एक में छूटे लैपटॉप बैग की सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-छह से बैग बरामद किया गया। बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। सत्यापन के बाद लगभग 1.95 लाख रुपये मूल्य का सामान मालिक को सौंप दिया गया।
वहीं, 13 अप्रैल की रात टाटानगर रेलवे स्टेशन से ट्रॉली बैग चोरी होने की सूचना मिली। कार्रवाई करते हुए घाटशिला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 58028 डाउन टाटानगर–खड़गपुर पैसेंजर से एक संदिग्ध को चोरी के बैग के साथ पकड़ा गया। बरामद बैग में कपड़े, दस्तावेज और नकद राशि थी। आरोपित और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

